मुरादाबाद। नागफनी थानाक्षेत्र के नवाबपुरा में सोमवार रात हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई एसओजी और पुलिस को लोगों ने घेर लिया। आरोप है कि टीम के साथ अभद्रता भी की गई। सूचना मिलने पर अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर बुला ली गई। इससे पहले ही आरोपी मौके से भाग निकले। इस मामले में 15 नामजद और पंद्रह अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
नागफनी थानाक्षेत्र के नवाबपुरा निवासी मुल्ला आसिम नागफनी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हिस्ट्रीशीटरों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। सोमवार रात एसओजी और नागफनी थाने की पुलिस ने नवाबपुरा में मुल्ला आसिम की तलाश में दबिश दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। इसी दौरान वहां लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने एसओजी और पुलिस को घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान टीम के साथ अभद्रता भी की गई। इसी बीच आरोपी मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर नागफनी, मुगलपुरा, कोतवाली और सिविल लाइंस थाने से भी पुलिस बुला ली गई। सूचना मिलने पर अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में फिर से दबिश दी गई, लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए। इस मामले में आरोपी मुल्ला आसिम, शाहिद, राशिद, शाकिर, शरीफ व सलमान समेत 15 नामजद और पंद्रह अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीओ कोतवाली अग्रहरि ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।