स्मार्ट सिटी राउंड-2 के लिए नगर आयुक्त शिविर कार्यालय में जुटे संगठनों के प्रतिनिधियों ने आफलाइन वोटिंग के दौरान महानगर की समस्याओं की झड़ी लगा दी। आन लाइन वोटिंग के लिए पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन भी दिया गया। प्रतिनिधियों से लिखित और मौखिक सुझाव भी दिए गए। स्मार्ट सिटी राउंड चैलेंज राउंड-2 के अंतर्गत शनिवार को नगर आयुक्त शिविर कार्यालय में विभिन्न संगठनों रेजीडेंट वेलफेयर सोसाइटी, साहित्यकार, डाक्टर्स एसोसिएशन, पेंशनर एसोसिएशन, व्यापार संगठन, एक्सपोर्ट एसोसिएशन, मजदूर संगठन, महिला संगठन, इंजीनियर्स एसोसिएशन, आर्किटेक्ट एसोसिएसन, अधिवक्ता एसोसिएशन, रोटरी क्लब आदि से जुड़े प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया।
इनके साथ स्मार्ट सिटी के क्षेत्र सॉल्युशन एवं पेन सिटी सॉल्युशन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर बीना अग्रवाल ने स्मार्ट सिटी के लिए सभी से अधिक से अधिक वोटिंग करके क्षेत्र का चयन करने का आग्रह किया। स्मार्ट सिटी प्रभारी टीएन मिश्रा ने स्मार्ट सिटी मिशन एवं स्मार्ट सिटी प्लान के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद स्मार्ट सिटी क ंसलटेंट के प्रतिनिधि बृजेंद्र सिंह तोमर ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन दिया।
आफलाइन वोटिंग भी कराई गई। इस दौरान तमाम संगठनों के प्रतिनिधियों ने महानगर की समस्याओं की झड़ी लगा दी। कुछ लोगों ने बेहतर सुझाव भी प्रस्तुत किए। रतनजोत सिंह ने प्रोजेक्टर के माध्यम से आनलाइन वोटिंग का प्रदर्शन किया गया, साथ ही उपस्थित प्रतिनिधियों को आनलाइन वोटिंग का प्रशिक्षण दिया। प्रतिनिधियों ने लिखित और मौखिक रूप से अपने सुझाव भी दर्ज कराए। इस दौरान सभी प्रतिनिधियों से आनलाइन वोटिंग के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की गई। बैठक में एके शर्मा, एसएस यादव, अनुज गुप्ता, अकरम शम्सी, इशरत उल्ला, धवल दीक्षित, मंसूर उस्मानी, माहेश्वर तिवारी, राजेश सिंह, अनुज सिंह, रवीन्द्र पाल सिंह, राकेश सैनी, लल्लू सिंह, धर्मपाल सिंह राकेश सिक्का, पीडी जोशी, रीता देवी आदि मौजूद रहे।