मुरादाबाद। स्वयं सहायता समूह बनाकर खुद को आत्मनिर्भर बनाने के साथ दूसरों को आर्थिक रूप से मजबूत करने वाली छह महिलाओं को महिला दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। इसमें टोपी बनाकर महिलाओं को रोजगार देने वाली सायराबानो और मधुमक्खी पालन करने वाली प्रीति शामिल हैं।
बिलारी विकास खंड क्षेत्र के रुस्तम नगर सहसपुर निवासी सायराबानो ने 16 साल पहले टोपी बनाने का काम घर से शुरू किया था। उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत किया बल्कि अब गांव की कई अन्य महिलाओं को रोजगार देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में लगी हैं। इसी ब्लाक की प्रीति मधुमक्खी पालन कर शहद का व्यवसाय कर रही हैं। अकेले शुरू किए गए इस काम में अब गांव की दस महिलाओं को जोड़ा है। साल में करीब 50-60 हजार रुपये बचा लेती हैं।
छजलैट ब्लाक की नजराना निवासी शोभा न सिर्फ जैविक खेती कर रही हैं बल्कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ मिलकर जूट और कपड़े के थैले तैयार करने का काम कर रहीं हैं। मुरादाबाद ब्लाक के बीजना निवासी पूजा और मोहब्बतपुर भगवंतपुर निवासी सरोज क्रमश: जरी, पर्स और कपड़े के बैग बनाने का काम करती हैं। जबकि कुंदरकी ब्लाक की जटपुरा निवासी पूनम फूड प्रोसेसिंग का कार्य करती हैं।
जिला विकास अधिकारी एसके उपाध्याय ने बताया कि यह सभी महिलाएं शुरू में अकेले कार्य करती थीं, लेकिन बाद में इन्हें स्वयं सहायता समूह से व्यवसाय बढ़ाने के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया। इन सभी महिलाओं ने अपने परिवार का सहारा बनने के साथ-साथ कई अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने बताया कि महिला दिवस के उपलक्ष्य में इन सभी को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।