चंदौसी। रक्षाबंधन पर बहनें रोडवेज बसों में निशुल्क सफर के आदेश का इंतजार कर रही हैं। हर बार यह सुविधा उन्हें रक्षाबंधन से एक दिन पहले से ही मिलती है। त्योहार के लिए लोकल रूट पर रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाए जाते हैं। चालक व परिचालक को प्रोत्साहन राशि भी मिलती है। हालांकि अभी विभाग को सरकार की ओर से इसका कोई आदेश नहीं मिला है लेकिन बहनों के साथ परिवहन विभाग को उम्मीद है कि इस बार भी रोडवेज बसों में फ्री सेवा मिलेगी।
चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड से अनुबंधित व निगम की लगभग 90 से ज्यादा बसें संचालित हैं। यह मुरादाबाद, बदायूं, अलीगढ़, कासगंज, देहरादून, दिल्ली आदि रूटों पर चलती हैं। इस बार रक्षाबंधन नौ अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन बहनों को अपने भाइयों के घर तक पहुंचने के लिए कोई परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन विभाग रक्षाबंधन से एक दिन पहले से ही महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क सफर की सुविधा देता है।
इस बार भी परिवहन विभाग ने रक्षाबंधन को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए अधिकांश बसों को चंदौसी बस स्टैंड से बिलारी, मुरादाबाद, बिसौली, बदायूं रूट पर संचालित किया जाएगा। इसके अलावा जिस रूट के यात्री अधिक होंगे, अन्य रूट से हटाकर बसों को यात्रियों की सुविधा के अनुसार चलाया जाएगा।
चंदौसी रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी राजू यादव ने बताया कि बीते कुछ वर्षों की तरह इस बार भी महिलाओं के रक्षाबंधन पर निशुल्क सफर की सुविधा मिलने उम्मीद है। साथ ही, लोकल रूट पर रोडवेज बसों के फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं। हालांकि अभी कोई विभाग की तरफ से लिखित आदेश नहीं आया है। जल्द ही इस संबंध में लिखित आदेश आने की उम्मीद है।