यूपी बोर्ड परीक्षा में बुधवार को बहन की जगह परीक्षा देते हुए युवती को पकड़ा गया। वह अभी तक के सभी पेपर देती रही और किसी को पता भी नहीं चला। इस मामले में जांच कराने के साथ ही युवती के खिलाफ एफआईआर कराने के आदेश दिए गए हैं।
बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक को सूचना दी गई कि बीएसएम इंटर कालेज भीकनपुर और तस्लीमा इंटर कालेज में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दिलवाई जा रही है। सूचना मिलने पर डीआईओएस स्वयं एआरकेके इंटर कालेज पहुंचे और सुंदरम सक्सेना को बंशी सिंह मेमोरियल इंटर कालेज भीकनपुर में भेजा।
बंशी सिंह मेमोरियल इंटर कालेज में बताए गए कमरे में तलाशी शुरू हुई तो वहां छात्रा परीक्षा देते हुए मिली। छात्रा के पास परिचय पत्र भी था। पहले तो उसने मना कर दिया। सख्ती दिखाने पर छात्रा ने बहन की जगह परीक्षा देने की बात स्वीकार कर ली। बताया कि वो छोटी बहन की जगह परीक्षा देने आई थी।
परिचय पत्र पर उसका फोटो लगाया गया था। अभी तक सभी पेपर उसने ही दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. आईपीएस सोलंकी ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक को छात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जबकि इस मामले में जांच कराई जा रही है कि किस प्रकार से बहन की जगह परीक्षा देती रही।
वहीं एआरकेके में सब कुछ ठीक मिला, वहां कोई भी दूसरे की जगह परीक्षा देते हुए नहीं मिला। जबकि तस्लीमा इंटर कालेज में निरीक्षण के दौरान एक कक्ष निरीक्षक को पर्चियां उठाते हुए पकड़ा गया। जिसे माफी मांगने पर रिलीव करा दिया गया। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक से जवाबतलब किया गया है।