आरएसएस के इंद्रेश ने कहा कि भारत विजय की ओर बढ़ने वाला देश बन रहा है। 2019 कुछ कहना चाहता है। आठ करोड़ 40 लाख मुस्लिम औरतों पर जुल्म हो रहा था। नौ करोड़ 23 लाख मुस्लिम मर्द महिलाओं पर जुल्म कर रहे थे। दुनिया का कोई देश तीन तलाक के जुल्म से आजादी दिलवाने का साहस नहीं जुटा सका। भारत ने तीन तलाक पर विधेयक लाकर साहस का परिचय दिया। पहले देश दो संविधान, दो झंडे में पिछले 72 साल से बंटा घूम रहा था। भारत सरकार ने 370 व 35 ए को समाप्त कर कोई पाप नहीं किया बल्कि पुण्य का काम किया है। एक साल पहले जो नक्शा था उसमें पाकिस्तान और चीन के कब्जे में जो क्षेत्र था उसे दिखाया नहीं जाता था। भारत सरकार ने अब जो नक्शा तैयार किया है उसमें उसे दिखाया है। भारत सरकार अब यह कह रही है कि वह क्षेत्र जो भारत का था वो भारत का है और रहेगा।
पाकिस्तान नक्शे में होगा या नहीं
इंद्रेश ने कहा कि इंग्लैंड में वो सरकार जीती है जिसने भारत सरकार के कार्यों का समर्थन किया। अमेरिका का जनमत भी उसके साथ जा रहा है जो भारत का समर्थक है। भारत विरोधी के साथ उसका विरोध जा रहा है। बंगला देश से वो सरकार जा चली गई है जो भारत विरोधी थी। इसलिए दुनिया के अंदर भारत का समर्थक ही विजेता बन रहा है। जो भारत का विरोधी है वह दुनिया में भी पराजित हो रहा है। इस लिए अब यह प्रश्न खड़ा है पाकिस्तान आने वाले 10-15 दिनों के अंदर नक्शे में होगा अथवा नहीं। उन्होंने कहा कि जो जन्म लेता है वो मरता है। जो अजन्मा होता है वो मरता नहीं। पाकिस्तान की जन्मतिथि 14 अगस्त 1947 रात 12 बजे है। भारत की कोई जन्मतिथि नहीं है। भारत अजन्मा है। उन्होंने कहा कि भारत का भूगोल बदल रहा है दुनिया का भी भूगोल बदलेगा।
शहीदों की माटी का कलश लेकर पहुंचे परिजन, सम्मानित
कार्यक्रम में मुरादाबाद, रामपुर व संभल जिले के शहीदों के परिवारों को आमंत्रित किया गया था। इनमें से कई परिवार जहां वीर जवानों ने जन्म लिया, बड़े, पढ़े वहां की माटी कलश में लेकर कार्यक्रम में पहुंचे। आयोजकों के मुताबिक इस मौके पर शहीद नवेंद्र कुमार त्यागी, शहीद पुष्पेंद्र यादव, शहीद गिरीश चंद्र अग्रवाल, शहीद नेत्रपाल सिंह, शहीद शेखर शर्मा, शहीद महेंद्र कुमार, शहीद सुदेश कुमार, शहीद महेश चंद्र दिवाकर, शहीद अमित कुमार, शहीद कर्मवीर सिंह, शहीद राजेंद्र सिंह, शहीद जय कुमार सिंह, शहीद अरविंद कुमार, शहीद महिपाल सिंह, शहीद जीतेंद्र सिंह. शहीद रामआसरे शर्मा व शहीद राजीव कुमार आदि के परिजनों ने शिरकत की। जिन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाबो देवी, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष गोपाल अंजान, भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री हीतेश बंसल, प्रांतीय संगठन मंत्री गोपाल, प्रांत अध्यक्ष पवेंद्र शेखावत, रामप्रसाद कश्यप, दीपक गोयल, विमल शर्मा, निमित जायसवाल, सर्वेश आदि मौजूद रहे।