मुरादाबाद। मनोरंजन सदन के हॉल में प्रकृति की रंगीनियत बिखेरते मनमोहक तैल चित्र, घर के अनुपयोगी सामान से बनाए गए खिलौने व मूर्तियां, पीतलनगरी को राष्ट्र में खास पहचान दिलाने वाले पद्मश्री दिलशाद हुसैन के हस्तशिल्प निर्मित बर्तन और कागज पर पेंसिल से उकेरे गए पोर्टेट... इन सब में ऐसी खासियत की व्यक्ति दो पल ठहरकर देखने को मजबूर हो जाए।
रेलवे द्वारा आयोजित मंडलीय कला प्रदर्शनी में बृहस्पतिवार को दिन भर ऐसे नजारे देखने को मिले। अपनी तरह की इस खास प्रतियोगिता में सिनिष्ठा की पेंटिंग सर्वश्रेष्ठ चुनी गई और उन्हें 10000 रुपये का नकद इनाम दिया गया। दूसरे नंबर पर अनामिका गुप्ता की कलाकृति रही, उन्हें 8000 रुपये का नकद पुरस्कार मिला। तीसरा स्थान अवंतिका को मिला, उन्हें 5000 रुपये की पुरस्कार राशि भेंट की गई। मंडल के कलाकारों का कौशल देखने उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सुजीत कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। डीआरएम संग्रह मौर्य ने उन्हें बताया कि मंडल में शामिल उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के कलाकारों ने हिस्सा लिया है। सिर्फ स्कूली छात्रों ने नहीं बल्कि सेना के सेवानिवृत्त जवान भी अपनी कलाकृति लेकर यहां पहुंचे हैं। प्रदर्शनी में कुल 378 कलाकृतियों को शामिल किया गया।
मरियम , इकराम ,शौर्य वर्मा एवं आदिबा को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ। इन प्रतिभागियों समेत पद्मश्री दिलशाद हुसैन को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। टी-शर्ट प्रिंटिंग, हस्तकला आभूषण, पौधों की बोनसाई, स्कूली बच्चों की पोट पेंटिंग्स, आर्मी से सेवानिवृत्त भानु देवगन नोएडा से पेंटिंग लेकर उपस्थित हुए। मंडल सांस्कृतिक संगठन के कलाकारों ने प्रदर्शनी में सांस्कृतिक गायन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने सभी कलाकारों की सराहना की और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत होने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर एडीआरएम परितोष गौतम, एसपी त्यागी, सीनियर डीपीओ डॉ. अजय सोयल, सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता आदि मौजूद रहे।