बिलारी। नगर के मोहल्ला पैंठ बाजार स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय की कक्षा नौ की छात्रा शुमायला ने प्रदेश स्तर पर 39 किलो भारवर्ग की कुश्ती में गोल्ड मेडल जीतकर बिलारी का गौरव बढ़ाया है।
मुरादाबाद के जिला व्यायाम शिक्षक गंगासरन ने बताया कि नौ से 11 मार्च तक अयोध्या में 36वीं राज्य स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुश्ती समेत विभिन्न प्रकार के खेल हुए जिनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से परिषदीय स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अलग-अलग खेलों में 37 मेडल अकेले मुरादाबाद मंडल के छात्रों को मिले। बिलारी नगर निवासी छात्रा शुमायला ने 39 किलो वर्ग में प्रदेश स्तर पर कुश्ती जीतकर गोल्ड मेडल पाया। छात्रा शुमायला को प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बुधवार की शाम अयोध्या में गोल्ड और शील्ड देकर सम्मानित किया।
पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय बिलारी के शिक्षक सुलेमान अंसारी ने बताया कि नगर के मोहल्ला अंसारियान निवासी आकिल पहलवान की बेटी कक्षा नौ की छात्रा शुमायला कुश्ती के क्षेत्र में पहले से ही प्रतिभाशाली। शुमायला ने बीती 17 फरवरी को संभल जिले के चंदौसी में हुई बेसिक शिक्षा विभाग की मंडलीय क्रीड़ा शैक्षिक प्रतियोगिता में निर्धारित भार वर्ग की कुश्ती जीतकर गोल्ड मेडल पाया था।