कांठ। सावन के दूसरे सोमवार को कांठ क्षेत्र के लाडलाबाद स्थित प्रकटेश्वर शिव धाम पर जलाभिषेक के लिए भारी संख्या में शिव भक्त और कांवड़िये पहुंचे। यहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और पुलिस सुरक्षा के बीच करीब 52000 से अधिक भक्तों ने जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। साथ ही यहां मेले में भी जमकर खरीदारी की गई।
कांठ के प्रकटेश्वर शिव मंदिर लाडलाबाद से स्थानीय ही नहीं बल्कि दूर-दराज के श्रद्धालुओं की भी आस्था जुड़ी है। सोमवार की सुबह से ही महादेव का जलाभिषेक शुरू हो गया था। शिव भक्तों और कांवड़ियों ने पूरी आस्था और उल्लास के साथ जलाभिषेक कर मंदिर में मत्था टेका और प्रसाद आदि चढ़ाकर सुख-शांति की प्रार्थना की। शिव भक्तों के साथ ही डाक कांवड़ियों ने भी मंदिर जलाभिषेक कर अपनी कांवड़ यात्रा को पूरा किया। यहां मंदिर परिसर में कई श्रद्धालुओं ने भंडारे भी कराए।
सुरक्षा की दृष्टि से एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह, सीओ सुनीता दहिया, एसएचओ सुदेश पाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ रहे। व्यवस्था में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष महावीर सिंह आदि रहे। एसएचओ सुदेश पाल सिंह ने बताया कि दूसरे सोमवार को लाडलाबाद में 52000 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया है। वहीं दूसरी ओर छजलैट के ढाकी स्थित प्राचीन महादेव मंदिर पर भी भक्तों की खासी भीड़ रही। कांठ नगर के बम बटक रामलीला मंदिर, श्री रामज्योति मंदिर, विशनपुरा स्थित शिवमंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, शिव मोनी मंदिर घोसीपुरा, संत रविदास मंदिर, महर्षि वाल्मीकि मंदिर माननगर, माहेश्वरी मंदिर, माता महाकाली मंदिर, मुख्य बाजार स्थित बड़ा शिव मंदिर, विश्वनाथ महादेव मंदिर, कुएं वाला शिव मंदिर महमूदपुरा, द्वरिकाधीश मंदिर में भी पूरी आस्था के साथ जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक किया गया।