मुरादाबाद। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत चिड़िया टोला से प्रकाशनगर चौराहे तक शुक्रवार नगर निगम का बुलडोजर गरजा। जैसे ही सुबह करीब 11:0 बजे बुलडोजर पहुंचा उसे देख रेहड़ी, पटरी वालों ने सामान समेटना शुरू कर दिया। इसके बाद भी कहीं सड़क पर रखा बोर्ड मिला। जिसे निगम टीम ने जब्त कर लिया। वहीं कुछ दुकान के आगे नाले पर स्लैब डाल अतिक्रमण किया गया मिला। जिसे बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। गर्मी के कारण शनिवार से अभियान स्थगित कर दिया गया है।अतिक्रमण हटाओ अभियान के नोडल अधिकारी अजीत कुमार सिंह की अगुवाई में प्रवर्तन टीम बुलडोजर के साथ सुबह चिड़िया टोला पहुंची। टीम को देखते ही मंडी रोड पर सड़क किनारे फड़ लगाकर सब्जी बेचने वालों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। टीम ने चिड़िया टोला से कैल्टन स्कूल होते हुए प्रकाशनगर चौराहे तक अतिक्रमण हटाया। इस दौरान रोड़ के एक तरफ रेहड़ी, पटरी वालों ने नाले के ऊपर रैंप बनाकर अपना सामान रखा था। दुकानदारों, भवन स्वामियों ने रोड की तरफ टीन शैड डाल रखा था। खाने-पीने के सामान के ठेले लगा रखे थे। जिसे नगर निगम के बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया तथा सामान जब्त कर लिया गया। पुन: अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की भी चेतावनी दी।
इस मौके पर उप नगर आयुक्त राजकिशोर प्रसाद, कर निर्धारण अधिकारी प्रमोद कुमार चौधरी, सहायक अभियंता विजेंद्र यादव, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एसके शाही व उनकी पूरी टीम मौजूद रही। अतिक्रमण हटाओ अभियान के नोडल अधिकारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी का प्रकोप तेज होने के कारण शनिवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान स्थगित रहेगा। गर्मी का प्रकोप कम होने पर तिथि निर्धारित कर रोस्टर के मुताबिक आगे अभियान चलाया जाएगा।
-