मुरादाबाद। होली में अभी एक महीना शेष है लेकिन ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति बिगड़ चुकी है। मुरादाबाद से लखनऊ, वाराणसी, बिहार, पश्चिम बंगाल, पंजाब और दिल्ली जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट सौ के पार पहुंच चुकी है, तो वहीं शहीद, श्रमजीवी, सत्याग्रह आदि ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहे हैं।
इससे यात्रियों की चिंता बढ़ती जा रही है। यात्रियों की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की जा रही है। लखनऊ रूट पर चलने वाली लखनऊ मेल एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। वहीं बनारस के लिए जाने वाली जनता, बेगमपुरा, काशी विश्वनाथ में लंबी वेटिंग चल रही है। बिहार और पश्चिम बंगाल रूट पर चलने वाली शहीद एक्सप्रेस, सप्त क्रांति एक्सप्रेस में भी यही हाल है। दिल्ली और पंजाब रूट पर स्थिति अलग नहीं है। अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस, पंजाब मेल एक्सप्रेस में भी सीटें फुल हैं। चार मार्च को होली है और ट्रेनों में छह मार्च तक सीटें फुल हैं। हर साल होली से पहले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे स्पेशल ट्रेनें चलाता है, लेकिन इस बार अब तक ऐसी किसी ट्रेन की घोषणा नहीं हुई है। नौकरीपेशा और छात्र वर्ग का कहना है कि यदि समय रहते स्पेशल ट्रेनें नहीं चलाई गईं तो होली पर घर पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
बसों पर बढ़ेगा दबाव, किराया बढ़ने की आशंका
ट्रेनों में सीटें न मिलने के कारण यात्रियों का रुख अब बसों और निजी वाहनों की ओर होने लगा है। ट्रैवल कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार होली के आसपास बसों की एडवांस बुकिंग तेजी से बढ़ रही है, जिससे किराये में बढ़ोतरी की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि मुरादाबाद से लखनऊ, बनारस, बिहार, बंगाल और पंजाब रूट पर जल्द से जल्द स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं और प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं।
वंदेभारत और डबल डेकर एक्सप्रेस में सीटें खाली
एक तरफ जहां सामान्य ट्रेनों में वेटिंग टिकट पाना भी मुश्किल है वहीं वंदेभारत और डबल डेकर एक्सप्रेस में सीटें खाली हैं। इसके पीछे इन ट्रेनों का महंगा किराया है। मेरठ से वाराणसी तक चलने वाली वंदेभारत, देहरादून से लखनऊ तक चलने वाली वंदेभारत और लखनऊ से सहारनपुर तक चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस में होली तक सीटों की भरमार है। जबकि इसी रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों में विकल्प न के बराबर हैं।
वर्जन
हर बार की तरह इस बार भी होली पर यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनका प्रस्ताव बनाकर रेलवे बोर्ड को भेजा चुका है। फरवरी के पहले सप्ताह में स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की जाएगी।
- आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम