ठाकुरद्वारा। सोमवार की रात को गांव बढ़ापुर शेरपुर पट्टी में ड्रोन उड़ा कर दहशत फैलाने के मामले की पुलिस की रिपोर्ट तीसरे दिन भी एसडीएम को नहीं मिल सकी है। जबकि पुलिस का दावा है कि उन्होंने रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी है।
गांव बढ़ापुर के दो युवक रात में ड्रोन उड़ा रहे थे। इससे बढ़ापुर शेरपुर पट्टी और आसपास के गांव में दहशत फैल गई थी। बिना अनुमति के ड्रोन उड़ने पर प्रतिबंध लगा रखा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया था और उनके घर से ड्रोन बरामद कर लिया था। इस मामले में आईटी एक्ट के अंतर्गत आर्थिक दंड का प्रावधान है। सुरजननगर पुलिस चौकी के इंचार्ज ओंकार सिंह का कहना है कि उन्होंने रिपोर्ट कोतवाली प्रभारी को भेज दी है लेकिन यह रिपोर्ट बुधवार को भी एसडीएम को नहीं मिली। एसडीएम ने इसकी तलाश अपने कार्यालय में कराई लेकिन रिपोर्ट नहीं मिली। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि उन्हें रिपोर्ट अभी नहीं मिली है रिपोर्ट मिलने पर उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। संवाद