मुरादाबाद में सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा कि अगर अधिकारी सही से काम नहीं करेंगे, कानून का पालन नहीं करेंगे तो जनता से जूतों से पिटवाऊंगा। क्षत्रिय समाज को एकजुट होकर राजनीति में मजबूत पकड़ बनानी होगी। समाज की बुराइयां आपस में बैठकर निपटाएं।
मूंढापांडे के भीतखेड़ा गांव में आयोजित क्षत्रिय स्वाभिमान एवं चिंतन समारोह में पूर्व विधायक संगीत सोम ने परिवारों को पतन से बचाने के लिए नशा और दहेज को जड़ उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने तेहरवीं भोज और बैंडबाजा के बहिष्कार की वकालत की। कहा कि यह फिजूल खर्चे हैं।
इससे अच्छा है कि समाज में गरीब बेटियों की शादी करा दें। बच्चों को अच्छे संस्कार देकर शिक्षित बनाने में कोई कसर न छोडें। उन्होंने सीआरपीएफ डीएसपी शरद चौहान, प्रवक्ता आकाश कुशवाह, अमेरिका में कार्यरत इंजीनियर सनी कठेरिया को शील्ड देकर सम्मानित किया।
कहा कि युवाओं को इनसे इससे सीख लेनी चाहिए। इस दाैरान अशोक कुमार सिंह, खेमपाल सिंह, डाॅ. केपी सिंह, मनोज कुमार सिंह, शिवकुमार राघव, अमित कुमार सिंह, देवेंद्र सिंह आदि माैजूद रहे।