मुरादाबाद। आईपीएल 2022 में मुरादाबाद मंडल के सितारे, गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अनोखा रिकार्ड बनाया है। शमी इस सीजन की विजेता गुजरात टाइटंस की टीम से बतौर मुख्य गेंदबाज खेले। उन्होंने इस सीजन में अपने गेंदबाजी स्पेल की पहली गेंद पर विकेट चटकाया था। इसके बाद रविवार को राजस्थान के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में अपने आकिरी ओवर की आखिरी गेंद पर विकेट लिया।
इंडियन प्रीमियर लीग में ऐसा प्रदर्शन करने वाले वह पहले गेंदबाज बन गए हैं। आईपीएल इतिहास में पहली बार खेलने उतरी गुजरात टाइटंस के फाइनल तक के सफर में मोहम्मद शमी का महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी के चलते टीम ने शानदारप्रदर्शन किया और विजेता का खिताब जीता। मोहम्मद शमी ने पूरे सीजन में आठ रन के इकनॉमी रेट के साथ 20 सफलताएं हासिल कीं। शमी के शानदार प्रदर्शन के कारण उनके गृह जनपद अमरोहा में खुशी का माहौल है।