रामपुर के आलियागंज के किसानों की जमीन कब्जाने के आरोप से घिरे सांसद आजम खां शुक्रवार को फिर से पुलिस की विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष प्रस्तुत हुए। उन्होंने अधिकारियों को सवालों का जवाब दिया। इसके बाद पत्रकारों से भी रूबरू हुए। उन्होंने खुद को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि न्यायालय पर भरोसा है, इंसाफ मिलेगा।
सांसद आजम खां पर आलियागंज के किसानों की जमीन कब्जाने का आरोप है। इसको लेकर 26 किसानों ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रखा है। इन मुकदमों की विवेचना एसआईटी कर रही है। एसआईटी के समक्ष बयान दर्ज कराने आजम खां दो बार जा चुके हैं। शुक्रवार को वह तीसरी बार अपना बयान दर्ज कराने महिला थाने पहुंचे।
लगभग एक घंटे तक वह थाने के अंदर रहे। बाहर आने के बाद उन्होंने कहा कि काफी लंबा सवालनामा था, जिसमें हमारा नाम, हमारा पता और यूनिवर्सिटी की तमाम जायदाद के बारे में सवाल पूछे गए। कहा कि यह मामला पौने चार बीघे जमीन का है। इतने बड़े परिसर में पौने चार बीघे का कौन मालिक है, आएं अपनी जमीन पर खेती करें , जो चाहे करें।
ट्रस्ट को चाहे ट्रस्ट को दें, हमें चाहे हमें दें जिसे चाहे जिसे दें, लेकिन जिन लोगों ने13 वर्ष में कभी भी अपना कोई शिकायत नहीं की, न पुलिस में, न थाने में, न कलेक्टर के पास, न दीवानी न्यायालय में। सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि 10 साल के बाद अगर कोई दावेदार नहीं है तो फिर वह दावा नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि हमारे ऊपर मुर्गी चोरी के मुकदमे हैं हमारी बीवी पर, हमारे बच्चों पर, हमारे पदाधिकारियों पर, हमारे मिलने वालों पर बकरी चोरी, भैंस चोरी के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पौने चार बीघा जमीन को लेकर हमें भूमाफिया घोषित कर दिया गया है।
माननीय उच्च न्यायालय ने हमारे साथ इंसाफ किया है बस उसके बाद सिर्फ आसमान वाला रहता है इसलिए हमें न्यायालय पर पूरा भरोसा है। हमें न्याय मिल रहा है, हमें न्याय मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मैं नौ बार का विधायक हूं, चार बार कैबिनेट मंत्री रहा हूं, एक बार राज्यसभा का सदस्य रहा हूं और वर्तमान में लोकसभा सांसद हूं। भारतीय लोकतंत्र में इतना अपमान शायद ही किसी का हुआ हो।
आज फिर जाएंगे बयान दर्ज कराने जाएंगे सांसद
रामपुर। सांसद आजम खां ने एसआईटी के सवालों का जवाब देने के लिए एक दिन का वक्त मांगा है। शनिवार को वह फिर से एसआईटी के समक्ष बयान दर्ज कराने जाएंगे। उन्होंने बताया कि वह शनिवार की शाम चार से पांच बजे के बीच एसआईटी के सामने अपनी बात रखेंगे।