मुरादाबाद। पंचायत विभाग की ओर से मंडल के पांचों जिलों में बनाए जा रहे अत्येष्टि स्थलों का निर्माण पिछड़ गया है। इसमें 12 ग्राम पंचायतों में मानक के अनुरूप कार्य नहीं होने के कारण इन ग्राम पंचायतों के सचिवों का वेचन रोक दिया गया है।
उप निदेशक (पंचायत) कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मुरादाबाद जिले में 11, अमरोहा में 8, बिजनौर में 13, रामपुर में 9 व संभल में 10 अत्येष्टि स्थलों का निर्माण कराया जा रहा है। प्रत्येक अंत्येष्टि स्थल की निर्माण लागत 24.46 लाख रुपये है। अत्येष्टि स्थल निर्माण की समीक्षा के दौरान पाया गया कि मुरादाबाद जिले की छजलैट ब्लाक की ग्राम पंचायत लदावली व शाहपुर मुबारकपुर, अमरोहा जिले में तिगरिया नादिरशाह (गंगेश्वरी ब्लाक), ककराला (जोया), सागर थली (गजरौला), फतेहपुर अबू (अमरोहा), बिजनौर जिले में हुसैनाबाद (कोतवाली), फरीदपुर संसारू (मोह देवमल), गरहमलपुर (नजीबाबाद), संभल जिले की असमोली ब्लॉक के अकबरपुर काफूरपुर, शाहबाजपुर कला व जूनावई ब्लाक के मेहसेनपुर ग्राम पंचायत में अंत्येष्टि स्थल का कार्य मानक के अनुरूप नहीं हुआ है। इसके बाद उपनिदेशक (पंचायत) ने इन ग्राम पंचायतों के सचिवों को वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया है और मार्च माह के अंत तक कार्य को पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।