मुरादाबाद। नगर निगम के वार्ड-40 के नवाबपुरा रोड व बाग गुलाब राय ढलान वाली गली के लोग जल निकासी जैसी समस्याओं से परेशान हैं, वहीं सफाई नियमित न होने के कारण गंदगी से गुजरना पड़ रहा है। आलम यह है कि यहां सैनी वाली गली में लगे इंडिया मार्का हैंडपंप से भी गंदा पानी आ रहा है, वहां लोगों ने डंपिंग ग्राउंड बना दिया है, जिससे लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
महानगर को स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए लेकिन इसकी चमक दमक सिर्फ मुख्य मार्गों पर ही दिख रही है, जब शहर की आंतरिक आबादी परेशानियों से जूझ रही है। भले ही नगर निगम को स्वच्छता में बेहतर स्थान मिला हो लेकिन वार्ड चालीस के अंदर घुसते ही यह उपलब्धि शहर के लोगों को चिढ़ाती जैसी महसूस हो रही है। कई क्षेत्रों में हल्की बारिश में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसी वार्ड में नागफनी पुलिस चौकी के निकट ही झारखंडी मंदिर भी है, यहां दिनभर श्रद्धालुओं का आना जाना रहता है, सफाई अव्यवस्था के कारण लोगों में नाराजगी रहती है।
नियमित सफाई न होना बड़ी समस्या
- सबसे बड़ी समस्या यह है कि नियमित सफाई नहीं होती है, जिससे रास्तों के किनारे कूड़े के ढेर लगे रहते हैं, जिससे लोगों को आने जाने में असुविधा होती है। शशि
व्यवस्थाएं बेहद खराब हैं। अगर कहीं सड़क टूट जाती है तो कोई मरम्मत तक नहीं करता। शिकायत करते भी लोग थक जाते हैं। नीरज
पीने का पानी भी अक्सर गंदा आता है
- कई बार ऐसा होता है कि नल खोलते ही काफी समय तक पीला पानी आता रहता है। नल खोलकर रखना पड़ता है, जब ठीक पानी आने लगता है, तभी पानी का उपयोग हो पाता है। महेंद्र कुमार
नालों की सफाई नहीं होती
- बस्ती चाहे कोई भी हो, कम से कम वहां के नालों की नियमित सफाई तो होनी ही चाहिए, लेकिन यहां सफाई न होने के कारण नाले फुल हो जाते हैं, जिससे सड़क पर पानी भरने लगता है। रजत कुमार
पुलिया के नीचे पहले से ही निर्माण था
- यहां मंदिर के गेट पर जो पुलिया बनी हुई है, उसके नीचे पहले से ही कुछ बना हुआ था, जिसे तोड़े बिना पुलिया बना दी गई, जिससे अब जल निकासी में दिक्कत आ रही है।
-पप्पी
समस्याओं का निदान नहीं हो रहा है
- वार्ड काफी लंबा है, हिंदू व मुस्लिम दोनों की आबादी है, दोनों समुदायों को ही मूलभूत सुविधाओं को लेकर दिक्कतें हैं, पार्षद से कई बार कहा लेकिन निदान नहीं हो रहा है।
सुंदर सिंह
-
यहां दिक्कत बनी ही रहती है
- स्थानीय लोगों ने कई बार समस्याएं नगर निगम तक पहुंचाई, लेकिन कुछ दिन तो सफाई होती है, फिर पुराना ढर्रा शुरू हो जाता है, जिससे दिक्कत बनी ही रहती है।
हनी गोस्वामी
अधिकतर सड़कें खराब हैं
- मोहल्ले की अधिकतर सड़के खराब हो चुकी है, कई स्थानों पर गड्ढे हो चुके हैं, एक स्थान पर काफी दिनों का गड्ढा है, कोई गिर न जाए, इसलिए चारों ओर से लकड़ी लगानी पड़ी हैं।
मोहम्मद वसीम
ढ़लान वाली की स्थिति दयनीय
बाग गुलाब राय ढाल वाली गली की भी स्थिति काफी दयनीय है, इस गली से कई गलियां जुड़ी हुई है, सैनी वाली गली में भारी गंदगी है, जिससे निकलना दुश्वार हो रहा है।
आसिम
नालियों की मरम्मत नहीं हुई
- इसी गली की दोनों ओर की नालियों की मरम्मत कई सालों से नहीं हुई है, जिसके कारण मकानों की नींव में पानी भरता रहता है, जिससे मकान कमजोर हो रहे हैं।
गुड्डी
नियमित सफाई पर दें ध्यान
- नगर निगम को पीने के पानी के साथ साथ नियमित सफाई की व्यवस्था पर भी ध्यान देना चाहिए, क्योंकि सुविधाएं आम लोगों से जुड़ी हुई हैं, जो निगम का दायित्व भी है।
मोहम्मद उस्मान
सड़कों पर वाहन सहित गुजरना मुश्किल
मुख्य सड़कोें के साथ साथ अंदर की गलियों को भी बनवाया जाना चाहिए, इस मोहल्ले में तो टूटी सड़कों से वाहन सहित गुजरना ही मुश्किल हो रहा है, वाहन भी खराब होते हैं।
मोहम्मद सुहैल
हैंडपंप से आ रहा गंदा पानी
- इंडिया मार्का का हैंडपंप खराब पानी दे रहा है, लेकिन मजबूरी में उसी पानी को पीना पड़ रहा है, यहां लोग हैंडपंप के पास ही गंदगी डाल देते हैं।
मोनू
वर्जन
- पूरे शहर में नियमित तरीके से सफाई का कार्य कराया जा रहा है, कूड़ा भी उठाया जा रहा है, सड़कों, नालियों की मरम्मत भी कराई जा रही है, यदि कहीं कोई समस्या है तो वह लिखित रूप से निगम को अवगत कराए, समाधान करा दिया जाएगा।
- अजीत कुमार, अपर नगर आयुक्त