मुरादाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाले 35 हजार रुपये और उपहारों के लिए भाई अपनी बहन और चाचा अपनी भतीजी के साथ सात फेरे लेने के लिए तैयार हैं। योजना के तहत किए गए फर्जी आवेदन जांच के बाद निरस्त कर दिए गए। मामले की और गहराई से जांच की जा रही है। हालांकि, अनुदान के लिए लोगों का यह कृत्य चाैंकाने वाला है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इस बार जिले में 3451 लोगों की शादी होनी है। अब तक 8519 आवेदन आए हैं। विभागीय कर्मचारी चरणबद्ध तरीके से आवेदनों का सत्यापन कर रहे हैं। पहले स्तर की जांच में ही कई फर्जी आवेदन सामने आए, जिनमें भाई-बहन और चाचा-भतीजी के आवेदन भी शामिल हैं। इन आवेदनों को निरस्त कर दिया गया।
जांच के दाैरान फर्जी आवेदन पकड़े जाने पर शिकायत शासन स्तर तक की गई। जिला समाज कल्याण विभाग के दफ्तर में भी कई शिकायतें पहुंची हैं। अब इन सभी फर्जी आवेदनों की जांच की जा रही है। इसी के चलते 14 दिसंबर को होने वाले सामूहिक विवाह समारोह को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अब जनवरी में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा।