बिलारी के सहसपुर गांव में चौड़ा खडंजा वाली सड़क पर भरा आबादी का पानी-संवाद
बिलारी (मुरादाबाद)। बीस हजार की आबादी वाले रुस्तमनगर सहसपुर गांव में चार माह से एक भी स्थायी सफाईकर्मी नहीं है। इसकी वजह से नालियां गंदगी से पटी पड़ी है। जिससे सड़कों पर जलभराव हो गया है। ग्रामीणों ने बैठक कर एसडीएम और बीडीओ को ज्ञापन भेजकर विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है।
सहसपुर की आबादी अभिलेखों के अनुसार लगभग बीस हजार, जबकि ग्रामीणों के दावे के अनुसार 25 हजार से अधिक है। सहसपुर को नगर पंचायत बनाने की मांग कई वर्षों से शासन स्तर पर विचाराधीन है। सहसपुर में ब्लॉक मुख्यालय, एसडीओ विद्युत कार्यालय, पशु चिकित्सालय, विद्युत उपकेंद्र, पेयजल परियोजना आदि स्थित है। मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसे बुनकर आबादी बाहुल्य इस गांव में जनसंख्या और रकबे को देखते हुए लगभग 25 सफाई कर्मी तैनात होने चाहिए। पर बीते चार माह से सहसपुर में एक भी स्थायी सफाई कर्मी नहीं है।
सहसपुर में हाईवे से ब्लॉक कार्यालय के निकट से साईं मंदिर को जाने वाली सड़क पर कई माह से जलभराव है। समाजसेवी शाकिर मलिक ने बताया कि सड़क किनारे नाली मलबे से पटी है। गांव में ब्लॉक कार्यालय के सामने की चौड़ा खड़ंजा सड़क पर दो माह से जलजमाव है। मोहल्ला निवासी मोहम्मद यामीन ने बताया कि क्षेत्र पंचायत के कोटे से पूरब की ओर बनाई गई सड़क ऊंची कर दी गई। पीछे की सड़क नीची रह जाने पर लगातार जलभराव है।