लोक गायिका और डांसर सपना चौधरी की ‘हरियाणवी नाइट’ को दर्शकों के हंगामे के बाद बीच में ही रोकना पड़ गया। कुछ शरारती तत्व सुरक्षा चक्र को तोड़कर डांस करते हुए मंच तक आ गए। उन्हें काबू करने में पुलिस से धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस को लाठियां तक भांजनी पड़ीं। हंगामा होते देखकर सपना ने बीच में ही कार्यक्रम को रोक दिया।
हरियाणवी रंग से सराबोर मुरादाबाद के लोग ‘गोली चल जावेगी..’ गाने पर उनकी धमाकेदार एंट्री पर झूमने लगे। हर बीट पर सपना के ठुमकों से कार्यक्रम पूरे शबाब पर था। सपना की एक झलक पाने के लिए दर्शक बेकाबू हो रहे थे। उनकी तस्वीर और सेल्फी के लिए मंच के पास तक पहुंचे लोग कुछ समझने को तैयार नहीं थे।
एडीएम सिटी और आयोजकों के समझाने के बावजूद लोग नहीं माने। पुलिस को उन्हें नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजनी पड़ीं। कुछ लोग मामूली चोटिल हो गए। दर्शकों को कार्यक्रम खत्म करने की धमकी देकर लोगों को शांत कराना पड़ा। इसके बाद मंच के सामने पुलिस बल तैनात करके एक बार फिर सपना ने अपने हरियाणवी अंदाज में डांस शुरू किया।
मशहूर गाने ‘घूंघट ओढ़ ले..’ और ‘तेरी आख्या का यो काजल’ पर हरे पटियाला सूट में सपना चौधरी के हाई वोल्टेज डांस ने दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया।
मोबाइल पर वीडियो बनाते हुए दर्शक नजर आए। सभी उनके डांस के दीवाने हो गए थे। इसी दौरान एक बारगी फिर मंच के पास खड़े लोगोंमें धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसके बाद सपना चौधरी को आराम के लिए बैक स्टेज भेजा गया। दर्शक यही समझते रहे कि सपना दोबारा मंच पर लौटेंगी और प्रोग्राम दोबारा शुरू होगा, लेकिन फिर वह दोबारा मंच पर नहीं आईं।