एक्सीएन की कार घेरकर किया हंगामा।
- फोटो : अमर उजाला
ई-कचरे की भट्टियों के कनेक्शन काटने के दौरान बुधवार को आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस के सामने जबरदस्त बवाल किया। कनेक्शन काटने गई पावर कारपोरेशन की टीम से धक्की - मुक्की की हुई। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारी गाड़ियों में महिलाओं ने तोड़फोड़ का प्रयास किया। टीम ने रामंगा नदी किनारे 50 विद्युत कनेक्शन चेक किए, जिनमें से 25 को ई-कचरा गलाने की पुष्टि होने पर काट दिया ।
इस अभियान के दौरान लोगों के आक्रोश और कम पुलिस बल के चलते हालात बेकाबू हो गए। करीब एक घंटे तक जमकर बवाल होता रहा। डीएम-एसएसपी को इसकी सूचना दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने और अधिकारियों के काटे गए कनेक्शनों को जोड़ने का आश्वासन देने पर अधिकारियों को वहां से निकाला जा सका।
रामगंगा नदी किनारे ई-कचरा फेंका जा रहा है। इससे नदी प्रदूषित हो रही है। एनजीटी ने इसको गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार और डीएम पर जुर्माना लगाया है। उसके बाद से अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को सिटी क्षेत्र के एक्सईएन विकास सिंघल केनेतृत्व पावर कारपोरेशन की टीम ने बुढ़ियावाला, दशवां घाट व नवाबपुरा इलाके में करीब 50 कनेक्शन चेक किए। उनमें से 25 पर ई कचरा गलाने की भट्टियां चलने की पुष्टि होने पर उनके कनेक्शन काट दिए गए थे। ये सभी भट्टियां घरेलू कनेक्शनों पर चलाई जा रहीं हैं।
कनेक्शन कटने की खबर पर इन इलाकों के अलावा आसपास के मोहल्लों की महिलाओं सहित सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने टीम का विरोध करते हुए धक्का - मुक्की की। महिलाओं का आक्रोश देखकर अधिकारी अपनी कारों में बैठकर वापस निकलने लगे तो उनको घेर लिया। उसी समय उनकी कार में तोड़फोड़ की कोशिश की गई। कम पुलिस बल के चलते भीड़ उग्र होती जा रही थी। भीड़ ने अधिकारियों को करीब एक घंटे तक कार में ही बंधक बनाए रखा।