बिलारी। नववर्ष प्रतिपदा के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान में बृहस्पतिवार शाम बिलारी नगर में आरएसएस के स्वयंसेवकों ने पथ संचलन किया। इस दौरान नगर में अनेक स्थानों पर लोगों और दुकानदारों ने पुष्पवर्षा की।
स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित, सुसंगठित एवं प्रभावशाली संचलन करते हुए समाज में संगठन, समरसता एवं राष्ट्रभक्ति का प्रेरक संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मुरादाबाद विभाग प्रचारक ब्रजमोहन रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में संघ के लगभग 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी ने 1925 में जिस महान चिंतन के साथ संघ रूपी बीज का रोपण किया वह आज एक विशाल वट वृक्ष के रूप में विविध क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गीत के साथ हुआ। इस दौरान सभी स्वयं सेवकों और नागरिकों ने नववर्ष को राष्ट्र सेवा, समाज उत्थान और सांस्कृतिक जागरण के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया।
मौके पर संघचालक राकेश, सहसंघचालक विशाल, दिनेश, प्रांजल, जगपाल, सुबोध, सिद्धार्थ, पुष्पेंद्र, लक्ष्य, विश्वजीत, जितिन, उत्कर्ष, मोहर सिंह, विवेक, विवेक व चंदन आदि मौजूद रहे।