मुरादाबाद। होली पर जिले के यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज ने विशेष तैयारी की है। रोडवेज प्रबंधन का दावा है कि मुरादाबाद और पीतलनगरी बस अड्डे से हर रूट पर 15 मिनट में बस मिलेगी। बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं।
अमरोहा, बिजनौर, रामपुर, हरिद्वार समेत अन्य शहरों के लिए 24 घंटे बस सेवा देने का प्लान तैयार किया है।
जिले के दोनों बस अड्डों से सभी रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं, जिससे मार्गों पर बसों की कमी न हो और यात्री त्योहार पर समय से अपने घर पहुंच सकें। मुरादाबाद बस डिपो की एआरएम राजवती ने बताया कि होली के दृष्टिगत यह तैयारियां की गई हैं। शहर में जहां से रोडवेज बस गुजरती हैं। वहां से यात्री बस पर बैठ सकते हैं। उन्होंने बताया कि देहरादून जाने वाले यात्री रेलवे स्टेशन, फव्वारा चौक, पीली कोठी, अगवानपुर और दिल्ली रूट पर जाने वाले यात्री चौधरी चरण सिंह मोड़, पाकबड़ा आदि जगहों से बस पकड़ सकते हैं।
इन रूटों पर बढ़ाए गए हैं बसों के फेरे
होली पर जिले के यात्रियों की सुविधा के लिए बसों के 219 फेरे बढ़ाए गए हैं। सबसे अधिक दिल्ली, रामनगर, कौशांबी रूट पर फेरे बढ़ा गए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक ममता सिंह ने बताया कि विभिन्न रूटों पर यात्रियों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए यह सुविधा लागू की गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली, कौशांबी, रामनगर रूट पर 17 फेरे, दिल्ली, कौशांबी, हल्दानी रूट पर 30 फेरे, दिल्ली, कौशांबी, टकनपुर रूट पर 14 फेरे, दिल्ली, कौशांबी, बरेली रूट पर 40 फेरे, दिल्ली, कौशांबी गोरखपुर, दिल्ली, कौशांबी, लखनऊ रूट पर 12 फेरे, कौशांबी, मुरादाबाद रूट पर 9 फेरे, दिल्ली, कोटद्वार, बढ़ापुर, रायपुर रूट पर 16 फेरे, दिल्ली, कौशांबी, धामपुर, कालागढ़ रूट पर 14 फेरे, हरिद्वार, हरिद्वार, लखनऊ रूट पर 10 फेरे, हरिद्वार, बरेली रूट पर 14 फेरे, हरिद्वार, कानपुर रूट पर चार फेरे बढ़ाए गए हैं।