रामपुर। त्योहारी सीजन में सिर्फ तीन दिन में ही रोडवेज डिपो ने आठ लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त किया है। हालांकि इन तीन दिनों के लिए विभाग से पौने आठ लाख रुपये का लक्ष्य ही मिला था, लेकिन डिपो ने लक्ष्य से अधिक आमदनी की है।
त्योहारी सीजन में रोडवेज डिपो पर भी जमकर धन वर्षा हुई है। ट्रेनों में आरक्षण व सामान्य सीट न मिलने की स्थिति में बड़ी संख्या में लोगों ने रोडवेज बसों से सफर किया। भैया दूज और इसके बाद दो दिन तक अधिकतर यात्री रोडवेज बसों के सहारे ही रहे। जिससे इन तीन दिनों में ही रोडवेज डिपो ने आठ लाख रुपये से अधिक की आमदनी की।
रोउवेज बसों में बड़ी संख्या में यात्रियों को व्यवस्थित करने के लिए भी डिपो प्रशासन की ओर से तैयारी की गई थी और लंबे रूट की बसों के लिए भी भैया दूज पर सुबह के वक्त कम से कम एक ट्रिप मुरादाबाद-बरेली के लोकल रूट पर अनिवार्य की हुई थी। एआरएम कपिल वार्ष्णेय ने बताया कि त्योहारों पर अधिक यात्रियों ने सफर किया। इसको लेकर विभाग ने पहले ही तैयारी कर रखी थी। भैया दूज पर तीन दिन के लिए डिपो को सात लाख अस्सी हजार रुपये का लक्ष्य दिया गया था। जिसके सापेक्ष तीन दिन में 8.17 लाख रुपये की आमदनी हुई है। भैयादूज पर 2.90 लाख, रविवार को 1.55 लाख और सोमवार को 3.72 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।