कुंदरकी। मात्र तीस मिनट की मूसलाधार बारिश होने से कुंदरकी नगर और ग्रामीण इलाका जलमग्न हो गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है लेकिन जलभराव की समस्या खड़ी हो गई। बारिश इतनी तेजी थी कि रात जैसा अंधेरा हो गया और वाहन चालक हेड लाइटें जलाकर गुजरते नजर आए।
मुरादाबाद संभल रोड पर भी कई जगह पर पानी जमा हो गया तो कुंदरकी नगर के मोहल्ला नूरूल्ला, कायस्थान, सादात पश्चिमी, पैंठ बाजार, लाइनपार, नव विकसित कॉलोनियों के अलावा ईदगाह रोड, पैंठ बाजार रोड, चांदपुर मंगोल, जैतपुर पट्टी रोड, हरियाणा रोड, ढकिया जुम्मा रोड पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। यहां तक अनेक लोगों के घरों में और दुकानों तक में पानी पहुंच गया जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साथ ही विद्युत उपगृह, उपखंड अधिकारी विद्युत, सहायक विकास अधिकारी पंचायत कार्यालय परिसर भी बारिश के बाद पानी से लबालब नजर आए जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हरियाना रोड से सटे श्मशान घाट का रास्ता भी जलमग्न हो गया है जिससे हिंदू समुदाय के लोगों अर्थी ले जाने में दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। वहीं मुस्लिम समुदाय के लोग कब्रिस्तान जाने को हरियाणा रोड से होकर जाते हैं लेकिन इस रोड पर पहले से ही पानी जमा है। संवाद