कांठ। बेसिक शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को लेकर मंगलवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ छजलैट ब्लॉक इकाई की बैठक में मंगलवार को पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इसी के साथ बुधवार को बीएसए कार्यालय पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने आह्वान किया।
बैठक में संघ के छजलैट ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष डॉ. कपिल सिरोही ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से बेसिक शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय कदम है। इसके लिए उन्होंने आभार भी जताया। कहा कि शिक्षकों की कई महत्वपूर्ण समस्याएं अब भी लंबित हैं। जिनमें पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, अंतरजनपदीय स्थानांतरण, प्रोन्नत वेतनमान, मृतक आश्रितों को नियुक्ति देने, शिक्षकों की पत्रावलियों की एसटीएफ जांच, लंबित पदोन्नति, वर्ष 2020 में नियुक्त शिक्षकों को ब्रिज कोर्स परीक्षा से राहत, वर्ष 2011 से नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने, स्कूलों में चौकीदार व अनुचर आदि मांगें शामिल हैं। तहसील प्रभारी दुष्यंत यादव ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए एकजुटता और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। संघर्ष के माध्यम से ही शिक्षकों की आवाज शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है। कोषाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान ने कहा कि शिक्षकों के अधिकारों और लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष हेतराम सिंह ने 12 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को बीएसए कार्यालय पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की सफलता पर जोर दिया और अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील शिक्षकों-शिक्षिकाओं से की। इस दौरान मेघराज सिंह, विघनेश कौशिक, प्रियंका चौधरी, धर्मेंद्र सिंह, हरवीर सिंह, लोकेंद्र सिंह, जावेद, जुल्फिकार अली, कंचन चौरसिया, गौरव चौधरी, मधुबाला, मनीष गौतम आदि रहे।