बिलारी। क्षेत्र के अमरपुरकाशी गांव स्थित मधुबन गोशाला धाम में मंगलवार दोपहर बाद गोपाष्टमी पर्व मनाया गया। नगर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने भी श्रद्धा के साथ गोपाष्टमी मनाई।
अमरपुरकाशी की मधुबन गोशाला धाम में गोपाष्टमी पर्व मनाने की शुरुआत में कथाव्यास और ज्योतिष आचार्य पंडित ओम कृष्ण शास्त्री ने विधिविधान से गोमाता की पूजा कर तिलक कर गुड़ खिलाया। भाजपा के पूर्व एमएलसी और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी परमेश्वरलाल सैनी ने भी गोशाला पहुंचकर गोवंश को चारा और गुड़ खिलाकर गोसेवा की। गोशाला संचालक तेजभान सिंह राघव और उनकी पत्नी राधिका राघव को गोमाता की सेवा करने के लिए उनके काम और योगदान को सराहा। तेजभान सिंह राघव ने गोशाला संचालन और गो माता की सेवा के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में पहुंचे पवन कोहली, ध्रुव शर्मा, मुनेश शर्मा, गौरव यादव, अमन सक्सेना, अशोक यादव, अर्जुन राघव आदि ने भी गोवंश को चारा और गुड़ खिलाकर गोसेवा की।
नगर में ईदगाह के निकट ठाकुर सुरेंद्र सिंह के आवास पर मंगलवार दोपहर बाद अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद द्वारा गोपाष्टमी पर्व मनाया गया। कार्यक्रम में बोलते हुए अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि आज ही के दिन श्रीकृष्ण भगवान ने शांडिल्य ऋषि की प्रेरणा से गो चराने की इच्छा प्रकट की थी। गोपाष्टमी के दिन से ही श्रीकृष्ण भगवान ने गो चारण शुरू किया उसी दिन से गोपाष्टमी पर्व मनाया जाता है। प्रांत उपाध्यक्ष ने आगे कहा कि गोमाता हिंदू समाज की आस्था की प्रतीक और अर्थतंत्र की रीढ़ है। इस मौके पर गोमाता के माथे पर चंदन लगाकर गुड़ और चना खिलाकर उनकी पूजा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेश चंद्र शर्मा और संचालन पप्पू सुपारी ने किया। इस दौरान अजीत प्रताप सिंह, शैलेंद्र प्रताप सिंह, आदित्य प्रताप सिंह, पार्थ ठाकुर, लक्ष्य सिंह, राजीव सिंह, ऋषिपाल सिंह, सरजीत सिंह, अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।