मुरादाबाद। आवास विकास परिषद 15 अगस्त के बाद कम आय वर्ग वाले लोगों के लिए आवासों का पंजीकरण शुरू कर सकता है। मझोला योजना संख्या भाग चार के विस्तार में यह मकान बनाए गए हैं। पहले चरण में 200 मकानों के लिए रेरा से स्वीकृति मिल गई है। आवेदन व टोकन राशि जमा करने के बाद लॉटरी सिस्टम से आवासों का आवंटन होगा।
लंबे समय बाद आवास विकास परिषद ने एलआईजी व ईडब्ल्यूएस के लिए आवासों का पंजीकरण खोल रहा है। परिषद को उम्मीद है कि इसमें लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी। इसके बाद कुछ और आवासों के लिए पंजीकरण खोला जा सकता है। योजना में 39 वर्ग मीटर से 162 वर्ग मीटर तक के आवास लोगों को दिए जाएंगे। इनकी कीमत 22 लाख रुपये से 89 लाख रुपये तक होगी। सेक्टर 12-ए और सेक्टर 14 में लोगों को अपना आशियाना मिल सकेगा। हाल ही में आवास विकास ने सेक्टर 9-ए में बने फ्लैट्स को बेचने के लिए पंजीकरण खोला था। इसमें वन बीएचके के 38 और टू बीएचके के 62 फ्लैट शामिल थे। यह फ्लैट परिषद ने करीब 10 साल पहले बनाए थे। जबकि वर्तमान एलआईजी के लिए जिन आवासों का पंजीकरण खुलने जा रहा है, वह नए हैं। पहली बार लोग इन्हें खरीदने के लिए आवेदन करेंगे।
00
आवासों का क्षेत्रफल व कीमत
40 वर्ग मीटर - 22 लाख रुपये
75 वर्ग मीटर - 39 लाख रुपये
128 वर्ग मीटर - 62 लाख रुपये
162 वर्ग मीटर - 89 लाख रुपये
00
एलआईजी व ईडब्ल्यूएस के आवासों का रेरा में पंजीकरण हो चुका है। लोगों के लिए जल्द ही आवेदन खोले जाएंगे। इससे पहले विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इसके साथ सेक्टर 9-ए में बने फ्लैटों की बिक्री भी जारी है। इच्छुक लोग कार्यालय में आकर या हमारी वेबसाइट से जानकारी ले सकते हैं।
- पीएस रावत, संपत्ति अधिकारी, आवास विकास परिषद