मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में घर से स्कूल के लिए निकली एक नाबालिग छात्रा को रास्ते में चाकू के बल पर बाइक सवार युवक द्वारा अगवा कर उससे दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि 16 दिसंबर को उनकी बेटी घर से स्कूल के लिए निकली थी। रास्ते में उसका पीछा करते हुए बाइक सवार निक्कू ने उसे रोक लिया। गर्दन पर चाकू लगाकर अपने साथ चलने के लिए कहा। इंकार करने पर हत्या की धमकी दी। छात्रा बाइक पर बैठ गई तो आरोपी उसको पाकबड़ा में अपनी बुआ के घर ले गया। आरोप है कि आरोपी और छात्रा को बुआ ने कमरे में बंद कर दिया और वहां से चल गई। आरोपी ने वहां पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। रात को छात्रा को सुनसान रोड पर छोड़कर आरोपी भाग गया। इसके बाद मामले की शिकायत लेकर छात्रा पहले मझोला थाने पहुंची तो पुलिस ने उसे खदाना चौकी भेज दिया। वहां पर भी सुनवाई नहीं हुई तो छात्रा के पिता ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश पर इस मामले में गुरुवार को मझोला थाने में निक्कू और उसकी बुआ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।