विधायक शफीक के बेटे का एक और वीडियो वायरल
स्वार से अपना दल एस के विधायक शफीक अहमद अंसारी के बेटे उमैर अंसारी का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उमैर एक रेस्टोरेंट से बाहर निकलकर अपनी कार के पास पहुंचते हैं तो दरबान के अंदाज में साथ चल रहा एक सिपाही दौड़कर गाड़ी का दरवाजा खोलता है।
विधायक पुत्र के स्वार सीएचसी के निरीक्षण और प्रभारी की कुर्सी पर बैठने की वीडियो क्लिप से शुरू हुई चर्चाएं थमने से पहले एक और वीडियो सामने आ जाने से सोशल मीडिया पर कमेंट का सिलसिला शुरू हो गया है। इस वीडियो को फेसबुक में डालने वाले शख्स ने लिखा है कि यह हैं स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक शफीक अंसारी के सुपुत्र उमैर अंसारी।
इनकी सुरक्षा में दो सुरक्षा कर्मी लगे हैं, जो कि इनकी गाड़ी का गेट खोलकर माननीय को गाड़ी में बैठा रहे हैं। क्या यह आधिकारिक रूप से इनकी सुरक्षा में लगे हैं या फिर माननीय विधायक की सुरक्षा में नियुक्त किए गए सुरक्षा कर्मी हैं, यह जांच का विषय है।