पति ने रिश्तेदार से फोन पर बात करने को मना किया तो उसकी पत्नी ने पति को नीले ड्रम में चिनवाने की धमकी दे डाली। नीले ड्रम का खौफ युवक पर ऐसा छाया कि वह इन्साफ की गुहार लगाने पुलिस के पास पहुंच गया। पुलिस को उसने तहरीर देते हुए इन्साफ दिलाने की गुहार लगाई है।
नीले ड्रम का खौफ लगातार बढ़ रहा है। नीले ड्रम के खौफ का यह मामला थाना शाहाबाद के भीतर गांव का है। गांव निवासी प्रेमपाल ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह पंद्रह साल पूर्व हुआ था। वैवाहिक जीवन के दौरान उसकी पत्नी ने दो पुत्र व एक पुत्री को जन्म दिया।
उनका वैवाहिक जीवन बहुत ही खूबसूरत तरीके से बीत रहा था। वह सब्जी बेचकर परिवार का पालन पोषण करता है। इस दौरान उसके साले का साढ़ू उसकी पत्नी के संपर्क में आ गया।
दोनों के बीच लगातार बातचीत के कारण पत्नी आए दिन उसके साथ झगड़ा करने लगी तथा आत्महत्या की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। प्रेमपाल ने पत्नी को लाख समझाया, लेकिन वह नहीं मानी।