रामपुर कोतवाली में कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे पीड़ित
- फोटो : संवाद
मिलक कोतवाली क्षेत्र के बकैनिया भाट निवासी योगेश मौर्य की पत्नी जयंती (21) की सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी सूचना पर बरेली से पत्नी के पिता प्रेम शंकर अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। आरोप लगाया कि बेटी की सास, ससुर पति, जेठ और अन्य दहेज में कार की मांग करते थे।
मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी दो वर्ष पूर्व मिलक क्षेत्र के बकैनिया भाट गांव निवासी मेघराज के पुत्र योगेश के साथ की थी।
आरोप लगाया कि मृतका के ससुराल वाले आए दिन उससे दहेज में कार की मांग करते हुए प्रताड़ित करते थे। शादी के छह माह बाद से ही उनकी प्रताड़ना चल रही थी। सोमवार की देर रात जयंती की मौत हो गई। मंगलवार सुबह मृतका के मायके वालों को पता चला तो वह अपने रिश्तेदारों को लेकर बकैनिया भाट पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने अंतिम संस्कार की तैयारी को रुकवा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस में शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली थी परिजनों ने तहरीर देकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का आरोप लगाया है।