मुरादाबाद। उत्तराखंड के काशीपुर में लिव इन रिलेशन में रह रही रामपुर की युवती की जहर खाने से मुरादाबाद में मौत हो गई। युवती के पिता ने सिविल लाइंस थाने में युवती के साथी और उसके रिश्तेदार और मां बाप के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है।
रामपुर के जेल रोड डूंगपुर क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय युवती उत्तराखंड के काशीपुर में रहकर फर्म में काम करती थी। वहां संभल के सुल्तानपुर पट्टी गांव निवासी रिंकू और युवती के बीच फोन के जरिए दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों काशीपुर में ही लिव इन में रहने लगे। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी तो उन्होंने शादी करने की ठान ली लेकिन रिंकू के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे।
एक दिन पहले युवती की मां, बहन, पिता और रिंकू की मां काशीपुर में शादी की बात करने के लिए जुटे लेकिन रिंकू की मां ने कोई ठोस जवाब नहीं दिया। उसने कहा कि वह अपने पति से सलाह देने के बाद ही जवाब देंगी। इसके बाद रिंकू युवती को मुरादाबाद अपने बहनोई जगत सिंह के घर ले आया।
मंगलवार की दोपहर रिंकू पीलीकोठी चौराहे के पास अपने बहनोई जगत सिंह के घर ले आया। यहां युवती की हालत बिगड़ गई। रिंकू उसे जिला अस्पताल ले गया और भर्ती कराकर युवती की मां व बहन को कॉल कर भाग गया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल आ गए। वह युवती को निजी अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। युवती के पिता का आरोप है कि रिंकू के पिता ने फोन पर बातचीत करते हुए उर्मिला से शादी कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद रिंकू, उसके बहनोई जगत सिंह, बहन और मांं ने युवती को जहर खिला दिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। एसपी सिटी ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी रिंकू, उसके पिता, मां, बहनोई और बहन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।