मुरादाबाद। लगातार हो रही बारिश की वजह से नदियों में भी जलस्तर बढ़ गया है। कटघर में रामगंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में अभी बाढ़ के हालात नहीं हैं। हालांकि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया है।
रामगंगा कटघर रेलवे ब्रिज के पास रामगंगा में चेतावनी स्तर 190.600 मीटर है। रात दस बजे नदी का जलस्तर 189.560 मीटर पहुंच गया है। वहीं, गांगन नदी का जलस्तर 189.10 मीटर पहुंच गया है, जबकि इसका चेतावनी स्तर 192.28 मीटर है। इसके अलावा मुरादाबाद में 78 गांव बाढ़ आशंकित हैं। यहां पर जिला प्रशासन ने 29 राहत शिविर और 35 बाढ़ चौकियां बनाई हैं। एडीएम वित्त ममता मालवीय का कहना है कि एक मेडिकल बोट तैयार करवाई जा रही है। इसके माध्यम से 15 अगस्त से बाढ़ आशंकित क्षेत्रों में दवा वितरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ और पीएसी की दो कंपनियां तैनात कर दी गई हैं। अभी 19 नाव उपलब्ध हैं। सभी तहसीलों में अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क किया जा रहा है। कहीं पर भी पानी आबादी के नजदीक नहीं आया है। इसके बावजूद लोग सतर्क और जागरूक करें। बाढ़ संबंधी समस्या होने पर तुरंत संबंधित कर्मचारियों से संपर्क करें।