मुरादाबाद। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्म दिन पर नागरिक सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार शाम रामगंगा विहार स्थित शिक्षण संस्थान में युद्ध का सायरन बजते ही ब्लैकआउट एवं अन्य मॉक ड्रिल का प्रदर्शन किया गया। ब्लैक आउट से आस पास के क्षेत्रों में पांच मिनट तक अंधेरा छाया रहा।
नागरिक सुरक्षा के उपनियंत्रक नीरज चक की अध्यक्षता में शुक्रवार की शाम छह बजे मॉक ड्रिल का प्रदर्शन किया गया। इस बीच हवाई हमले के दौरान दो मिनट तक युद्ध का सायरन बजाया गया। ब्लैक आउट के दौरान हवाई हमले का खतरा टल जाने का संकेत मिलने पर नागरिकों को बचाव की कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। शेल्टर से बाहर आकर हवाई हमले में घायल व्यक्तियों को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने, धुआं भरे कमरे से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल में नागरिक सुरक्षा के अलावा अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, आपदा मित्रों ने भाग लिया। नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक नीरज चक ने ब्लैकआउट और माॅक ड्रिल की कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। सहायक उपनियंत्रक सतीश कुमार ने ब्लैकआउट और माॅक ड्रिल को सफल बताया। इस मौके पर एसडीएम ठाकुरद्वारा (न्यायिक) जितेंद्र सिंह वीरवाल, चमन कुमार शर्मा, डाॅ. तुषार आगवाल, डिप्टी चीफ वार्डन पंकज सक्सेना, प्रभागीय वार्डेन सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता, अशोक गुप्ता, मो. खालिद, विचित्र शर्मा, राजेश गुप्ता, अनुज गुप्ता, डॉ. शफीक अहमद, निमित जायसवाल, वसीम अंसारी, शरीफ अहमद आदि मौजूद रहे।