रामपुर रेलवे स्टेशन से निकलते ही रुद्रपुर जाने वाली मालगाड़ी रविवार रात पटरी से उतर गई। मालगाड़ी के दो वैगन उतरने के कारण बरेली व मुरादाबाद दोनों दिशाओं की ट्रेनें प्रभावित हो गईं। आनंदविहार-रक्सौल सद्भावना एक्सप्रेस रामपुर आउटर पर ही रोक दी गई। इसके अलावा (14512) नौचंदी, (12237) बेगमपुरा, गोरखपुर जनसाधारण, (22420) सुहेलदेव सुपरफास्ट, (14206) अयोध्या एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें बीच रास्ते में रोकनी पड़ीं।
रामपुर में पहले भी मालगाड़ी के पटरी से उतरने की घटनाएं हो चुकी हैं। 2022 में रामपुर यार्ड में मालगाड़ी की खाली रेक पटरी से उतरा था। इसे वापस पटरी पर लाने के बाद मालगाड़ी कुछ दूर ही चली थी, इसके बाद फिर उतर गई। मालगाड़ी के पटरी से उतरने के एक मामले में रामपुर के रेल इंजीनियर ने अज्ञात लोगों द्वारा ट्रैक से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया लेकिन बाद में इंजीनियरिंग विभाग की ही चूक पाई गई थी। जिसमें जूनियर इंजीनियर व एसएसई को निलंबित भी किया गया था।
रामपुर आउटर पर रात करीब साढ़े 10 बजे मालगाड़ी के दो वैगन पटरी से उतर गए। अप व डाउन दोनों लाइन बाधित हुई हैं। स्टाफ को ट्रैक व्यवस्थित करने में लगा दिया गया है। जल्द से जल्द व्यवस्था बनाने में टीम लगी है। - सुधीर सिंह, सीनियर डीसीएम