अंबाला के शंभू स्टेशन पर किसानों का आंदोलन करीब एक माह से जारी है। रेलवे ने मुरादाबाद से गुजरने वाली 35 ट्रेनों को 10 मई तक बदले मार्ग से चलाने का फैसला किया है। अमृतसर जाने वाली ट्रेनों को अंबाला-चंडीगढ़-न्यू मोरिंडा-सरहिंद-सानेहवाल होकर चलाया जा रहा है।
सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि हमारा प्रयास है कि ट्रेनें निरस्त न हों, परिवर्तित मार्ग से ही सही लेकिन यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचें। मुरादाबाद मंडल की कम ट्रेनें ही निरस्त हैं।
गर्मियों की छुट्टियों को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ा दी है। 18 से 30 मई के बीच रेलवे ने आनंद विहार से मुजफ्फरपुर तक दो स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। पहली ट्रेन (05219-20) मुजफ्फरपुर-आनंदविहार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 18 व 25 मई को मुजफ्फरपुर से और 19 व 26 मई को आनंद विहार से चलेगी।
इसके अलावा (05251-52) मुजफ्फरपुर-आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन 22 व 29 मई को मुजफ्फरपुर से और 23 व 30 मई को आनंद विहार से चलेगी। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि दोनों ट्रेनों में बुकिंग जल्द शुरू कर दी जाएगी।
मुरादाबाद रेल मंडल ने अप्रैल 2024 में यात्रियों से माल ढुलाई की अपेक्षा दोगुनी आय प्राप्त की है। दोनों को मिलाकर एक माह में कुल 138 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। अप्रैल में 49.9 लाख यात्रियों ने मुरादाबाद मंडल से टिकट बुक कराए।