मुरादाबाद। होली के त्योहार पर घर लौटने वाले लोगों की भीड़ से बस व ट्रेनें फुल हो गई। बैठने के लिए सीट तो दूर की बात, पैर रखने तक को जगह नहीं मिल रही। ट्रेनों में सवार होने को यात्रियों में खूब धक्का मुक्की हो रही है। मुरादाबाद से लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों में ज्यादा भीड़ रही। ट्रेन के डिब्बों की गैलरी व शौचालयों में बैठकर लोगों ने सफर किया। रोडवेज बसों के हालात भी कुछ ऐसे ही हैं। स्टेशन पर यात्रियों को बसें नहीं मिली। घरों को लौटने के लिए लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
होली से एक दिन पहले रविवार की छुट्टी के चलते लोगों को तीन दिन का अवकाश मिला। शनिवार की रात व रविवार की सुबह से ही लोगों ने घर वापसी की राह पकड़ ली। मुरादाबाद स्टेशन से होकर गुजरने वाली दो दर्जन से अधिक ट्रेनें पहले से ही रद्द चल रही हैं। होली पर यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनें संचालित की गई। वापसी पर उमड़ी भीड़ के आगे सारी व्यवस्था चौपट हो गई। मुरादाबाद स्टेशन पहुंचने पर लोगों को जगह हाथ नहीं आई। ट्रेनें पीछे से ही फुल आ रही हैं। घर पहुंचने के लिए स्टेशन पहुंच लोग जद्दोजहद करते नजर आए। ट्रेन के डिब्बों की इमरजेंसी खिड़की से अंदर घुसकर, गेट पर धक्का मुक्की कर बामुश्किल ट्रेनों में सवार हुए। कोई टायलेट में बैठकर, तो कुछ ने खिड़की पर खड़े होकर ही सफर की शुरूआत की।
ट्रेनों में भारी भीड़ देखकर यात्रियों ने रोडवेज बस स्टैंड की ओर रुख किया। लेकिन वहां भी राहत नहीं मिली। भीड़ के आगे वहां भी बसें कम पड़ गई। बसों में यात्रियों को जगह नहीं मिल पाई। बसों में खड़े होकर सफर पूरा किया।
- ट्रेनों में लंबी वेटिंग
होली पर चल रही ट्रेनों में आरक्षित सीटें पहले ही फुल है। मुरादाबाद से लखनऊ, गोरखपुर, इलाहाबाद, बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में आरक्षित सीटों को लेकर लंबी वेटिंग है। यह वेटिंग 200 से लेकर 250 तक पहुंच रही है। यात्री सामान्य टिकट पर ही यात्रा के लिए मजबूर है।