मुरादाबाद। 24 अक्तूबर को आयोजित होने वाली पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा के लिए मुरादाबाद में 25 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने रेलवे और परिवहन निगम के अधिकारियों को प्रबंध करने के लिए कहा है। इसके दृष्टिगत रेलवे 23 और 24 अक्तूबर को ट्रेनों के 100 फीसदी समयपालन पर कार्य कर रहा है।
परीक्षा के दृष्टिगत ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा सकते हैं, जिससे परीक्षार्थियों को यात्रा में कोई असुविधा न हो। दूसरी ओर परिवहन निगम के अधिकारियों ने भी सभी बस चालकों को छुट्टी न करने के लिए निर्देशित किया है। मुरादाबाद से गाजियाबाद, बरेली, बदांयू, अमरोहा, चंदौसी के बीच ज्यादा से ज्यादा बसें चलाने की तैयारी है।
रेलवे के सहायक वाणिज्य प्रबंधक पीएस बघेल ने बताया कि परीक्षा प्रबंध को लेकर जिला प्रशासन की ओर से एक बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी विभागों को परीक्षा के इंतजामों से संबंधित दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ-साथ पैसेंजर ट्रेनों के समयपालन पर भी ध्यान दिया जा रहा है।