मुरादाबाद पुलिस ने नया मुरादाबाद स्थित फ्लैट पर छापा मारकर जुआ खेल रहे दस लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में पाकबड़ा नगर पंचायत चुनाव लड़ चुके रोहताश सैनी, भाजपा सेक्टर संयोजक सौरभ दिवाकर समेत व्यापारी और कारोबारी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से तीन ताश की गड्डियां और 3.52 लाख रुपये बरामद किए।
मुरादाबाद में आईपीएल सट्टे के बाद पुलिस ने जुआरियों के बड़े गैंग पर शिकंजा कसा है। बुधवार की रात मझोला थाने की पुलिस ने नया मुरादाबाद स्थित एक फ्लैट में छापा मारकर पाकबड़ा नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके रोहताश सैनी समेत दस लोगों को जुआ खेलते हुए दबोच लिया।
विज्ञापन
इनमें पाकबड़ा मंडल भाजपा के सेक्टर संयोजक सौरभ दिवाकर और अन्य व्यापारी और कारोबारी शामिल हैं। बृहस्पतिवार की शाम पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मझोला थाने की पुलिस को सूचना मिली कि नया मुरादाबाद स्थित समाजवादी आवास योजना के फ्लैट को कुछ लोगों ने जुआ का अड्डा बना रखा है। यहां देर रात से लेकर सुबह तक जुआ खेला जा रहा है।
विज्ञापन
बुधवार की देर रात पुलिस ने फ्लैट में छापा मारा तो वहां जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दस लोगों को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रॉपर्टी डीलर पाकबड़ा निवासी प्रदीप गुप्ता, टिल्लू, सूर्य प्रकाश, सलमान के तौर पर हुई।
इसके अलावा भाजपा नेता एवं पाकबड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पक्ष का चुनाव लड़ चुके रोहताश सैनी, सौऱभ दिवाकर, सचिन टांक, ईंट भट्ठा स्वामी अब्दुल हसन, लकड़ी कारोबारी मसरार उर्फ फहीम, रोहित के रूप में हुई।
पुलिस ने मौके से तीन ताश की गड्डियां और तीन लाख 52 हजार रुपये बरामद किए हैं। एसआई संजय कुमार यादव की ओर से मझोला थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार की शाम पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से सभी आरोपी जेल भेज दिए गए हैं।