मुरादाबाद। जिले में अवैध रूप से संचालित आयुर्वेदिक, यूनानी और देसी दवाखानों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को चलाए गए अभियान में छह अवैध क्लीनिक सील कर दिए गए, जबकि कई अन्य क्लीनिक जांच के दौरान बंद मिले। क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह नायक ने बताया कि जिले में आयुर्वेद, यूनानी और देसी दवाखाने का बोर्ड लगाकर बिना निर्धारित मानकों के कई क्लीनिक संचालित किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
इसके बाद कार्रवाई के लिए दो टीमों का गठन किया गया। टीमों ने करूला, कुंदरकी, पाकबड़ा और मैनाठेर क्षेत्र में छापा मारा। जांच में छह क्लीनिक अवैध रूप से संचालित पाए गए, जिन्हें स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित क्लीनिकों के बोर्ड और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। कई स्थानों पर क्लीनिक बंद मिले, जिनकी भी जांच की जा रही है। डॉ. नायक ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध और झोलाछाप क्लीनिकों के संचालन तथा उन्हें संरक्षण देने वाले लोगों की गोपनीय जांच भी कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम डॉ. दानवीर सिंह, डॉ. नदीम मलिक, डॉ. फाईक अली, डॉ. वर्णिका रानी आदि शामिल रहीं।