राज्य कर की टीम ने अगवानपुर शेरूवा धर्मपुर कांठ रोड स्थित स्ट्रा बोर्ड की फैक्टरी में बृहस्पतिवार को छापा मारकर डेढ़ करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी। 12 घंटे तक चली कार्रवाई से फैक्टरी मालिक सकते में गया। फैक्टरी मालिक ने तत्काल 55 लाख रुपये भुगतान कर दिया।
राज्य कर के अपर आयुक्त ने बताया कि जीएसटी अधिनियम के तहत पांच से दस करोड़ तक वार्षिक टर्नओवर वाले करदाताओं को ई इनवॉयस जारी करना अनिवार्य है। करदाता के मध्य ई इनवॉयस की जागरूकता के लिए आयुक्त, राज्य कर ने एनआईसी के माध्यम से एक ऑनलाइन कार्यक्रम 27 जून से शुरू किया था।
जांच में आया है कि मुरादाबाद जोन के पांच करोड़ से अधिक वार्षिक टर्नओवर वाले 1472 व्यापारी मौजूद हैं, जो ई इनवॉयस जारी नहीं किए हैं। इन व्यापारियों को ई-चालान जारी कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। ई इनवॉयस जारी नहीं करने पर राज्य कर की टीमें छापा मारकर कार्रवाई करेंगी। पकड़े जाने पर ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज्य कर की टीम ने फैक्टरी में छापा मारा था। 12 घंटे तक टीम ने किसी को अंदर से बाहर और बाहर से अंदर जाने नहीं दिया। इस दौरान राज्य कर विभाग के अधिकारियों समेत करीब 30 लोग मौजूद थे। अकाउंट्स विभाग से लेकर अन्य सभी जगह की छानबीन की गई। कई दस्तावेजों को टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। फैक्टरी में जीएसटी चोरी की आशंका मानते हुए करीब 50 लाख रुपए जीएसटी विभाग के खाते में ट्रांसफर करा लिए। - सूर्या वर्धन,मैनेजर विहान बोर्ड प्राइवेट लिमिटेड अगवानपुर