इलेक्ट्रॉनिक चिप और घटतौली की तलाश में शुक्रवार को पूर्ति विभाग की टीम ने बिलारी के तीन पेट्रोल पंपों पर छापा मारा। टीम को देख पंप कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घंटों की जांचपड़ताल के बाद पेट्रोल पंपों पर कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। टीम के जाने के बाद ही पंप कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
जिला पूर्ति अधिकारी संजीव कुमार सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम शैलेंद्र कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सत्यप्रकाश शाक्य, आईओसी के डिप्टी सेल मैनेजर आरके सिंघल, बाट माप निरीक्षक हेमाद्री समेत अन्य अधिकारियाें का दल शुक्रवार दोपहर सबसे पहले बिलारी में शाहबाद रोड पर देवेंद्र पाल इंटर कालेज के निकट स्थित सरकड़ा किसान सेवा केंद्र के नाम से संचालित पेट्रोल पंप पर पहुंचा।
टीम पेट्रोल तथा डीजल वितरण संबंधी मशीनें चेक कीं। अधिकारियाें ने पेट्रोल पंप की सभी मशीन का मदरबोर्ड भी देखा, लेकिन उसमें चिप नहीं लगी थी। अधिकारियाें ने बताया कि पेट्रोल पंप पर कोई गड़बड़ी नहीं मिली है।
इसके बाद टीम ने धर्मपुर कलां गांव के सामने शाहबाद रोड पर बने एनर्जी फ्यूज प्वाइंट पेट्रोल पंप की भी मशीनाें का निरीक्षण किया। लेकिन यहां भी कोई गड़बड़ी नहीं मिली। मशीनों की पल्सर यूनिटों की जांच में चिप व चिप का इंप्रेशन नही मिला।
इसके बाद टीम सर्व शिवा फिलिंग प्वाइंट ग्राम मुड़िया का राजा में छापा मारा है। यहां भी सभी मशीनें ठीक पाई गईं। जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले भर में पेट्रोल पंपाें की चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी गड़बड़ी मिलेगी वहां तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।