मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची पीआरवी टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी दंपती ने पुलिस कर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी। सूचना मिलने पर अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तो हमलावर भाग गए। पुलिस ने दंपती समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पीआरवी 273 पर तैनात हेड कांस्टेबल पूरन चंद्र ने पुतली घर रोड निवासी महिला प्रीति सिंह, उसके पति पदम सिंह और एक अन्य के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस कर्मियों की वर्दी फाड़ने की धाराओं में केस दर्ज कराया है। इसमें पूरन चंद्र ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि पूजा को उसका भाई पदम सिंह और भाभी प्रीति पीट रहे थे। सूचना मिलते ही पूरन चंद्र अपने साथी कांस्टेबल संदीप कुमार के साथ लाइनपार पुतली घर रोड एफसीआई गोदाम के सामने पहुंचे। यहां पुलिस कर्मी युवती से घटना के संबंध में पूछताछ कर रहे थे। पूजा ने अपने भाई और भाभी पर मारपीट का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मी मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी दंपती ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पुलिस कर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी। इस दौरान एक अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंच गया और उसने आरोपियों का साथ दिया। पूरन चंद्र ने किसी तरह इस मामले की सूचना थाना प्रभारी को दी। इसके कुछ देर ही बाद वहां पुलिस कर्मी पहुंचे। एएसपी अनिल यादव ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जांच में झूठे पाए गए पुलिस कर्मियों पर छेड़खानी के आरोप
मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के लाइनपार निवासी एक महिला ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस कर्मियों पर छेड़खानी और मारपीट के आरोप लगाए थे। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने इस मामले की जांच कराई। एएसपी अनिल यादव ने बताया कि जांच में सामने आया है कि पुलिस को 18 अप्रैल की रात सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर में लोगों को शराब पिला रहा है। जबकि उस वक्त नाइट कर्फ्यू लागू हो गया था। पुलिस टीम ने दबिश दी थी। वहां शराब और बीयर की खाली बोतल मिलीं थीं, जबकि मकान मालिक भाग गया था। उसने खुद को बचाने के लिए अपनी पुत्रवधू से प्रार्थना पत्र दिलाया था। सहायक पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज किया जा रहा है।