अगवानपुर। बाजार से कचरा भर कर ले जाते समय कूड़ा गाड़ी की टक्कर से एक बाइक की हेडलाइट टूट गई। गुस्साए बाइक मालिक ने साथियों के साथ मिलकर कूड़ा गाड़ी के चालक को पीट दिया। साथी की पिटाई से नाराज सफाईकर्मियों ने काम ठप कर दिया और चौकी के सामने प्रदर्शन किया। कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही कर्मचारी काम पर लौटे।
नगर पंचायत अगवानपुर में कार्यरत एक सर्फाई कर्मचारी कूड़ा गाड़ी का चालक है। सोमवार को नगर के बाजार में वह कूड़ा गाड़ी लेकर जा रहा था। इस दौरान बाइक में कूड़ा गाड़ी की टक्कर हो गई। इसमें बाइक की हेडलाइट टूट गई। आरोप है कि बाइक के मालिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर चालक को पीट दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। साथी से मारपीट की जानकारी होने पर बाकी सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और चौकी के सामने प्रदर्शन किया। सफाईकर्मी आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। पीड़ित चालक ने मारपीट के आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। चौकी प्रभारी मृदुल कुमार के मुताबिक सर्फाई कर्मी ने उनको तहरीर नहीं दी है। इसके बाद भी उन्होंने पीटने वाले युवक के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। वहीं नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी मुरली लाल शर्मा के अनुसार पीर के बाजार में सर्फाई कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में है। इस मामले में पुलिस ही कार्रवाई करेगी, नगर में सर्फाई का बंद नहीं किया गया है।