मुरादाबाद। पंडित नगला में नगर निगम के तालाब से अवैध कब्जा हटाने पहुंचे नगर निगम के अमले का विरोध झेलना पड़ा। रालोद के प्रदेश महासचिव के बेटे ने निगम अफसरों की कार्रवाई का विरोध किया। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चला। पुलिस के पहुंचने पर कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू हुई।
नगर निगम के सुरक्षा अधिकारी फिदा हुसैन और संपत्ति विभाग के राशिद खान के नेतृत्व में निगम की टीम दोपहर साढ़े बारह बजे जाहिदपुरा स्थित पंडित नगला के तालाब पहुंची। तालाब की जमीन पर जेसीबी चलने से पहले आमिर फैसल वहां पहुंच गया। आमिर ने बताया कि उसके पिता साबिर हुसैन रालोद के प्रदेश महासचिव हैं। उसने निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए तालाब के पास अपनी जमीन बताई। कहा कि निगम पहले अपनी जमीन की पैमाइश करें और तभी जेसीबी चलाए। आमिर के विरोध करने पर कुछ अन्य लोग उसके समर्थन में आ गए और जेसीबी के सामने खड़े हो गए। निगम अधिकारियों ने लोगों को समझाया।
टीम के साथ पहुंचे सदर तहसील के लेखपाल ने आमिर और विरोध करने वालों को जमीन से संबंधित दस्तावेज दिखाए और दावा किया कि जमीन निगम की है। जमीन पर निगम ने पहले पैमाइश कर पिलर भी लगाए थे। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चलते रहा। नगर निगम के प्रवर्तन दल प्रभारी एसके शाही मौके पर पहुंचे। कटघर थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में निगम कर्मियों ने तालाब की खुदाई शुरू करा दी। खुदाई शुरू होने के बाद आमिर के पिता साबिर हुसैन वहां पहुंचे। रालोद नेता ने कहा कि तालाब पर किसी ने कब्जे की कोशिश नहीं की है। तालाब के पास उनकी भी जमीन है। जिसे उन्हें खरीदी है। साबिर ने कहा कि नगर निगम पैमाइश कर अपनी जमीन की चारदीवारी कर ले, ताकि बाकी उसकी जमीन सेफ हो जाए।
- ग्राम पंडित नगला के गाटा संख्या 8/20 रकबई 0.259 है। तालाब नगर निगम की संपत्ति है। तालाब में कुछ लोगों के मिट्टी डालकर कब्जे का प्रयास किया था। निगम ने मिट्टी हटवाकर तालाब अपने कब्जे में ले लिया है। कुछ लोगों ने बेवजह विरोध किया। तालाब के पास अपनी जमीन का दावा कर रहे थे, लेकिन दस्तावेज नहीं दिखा पाए। - फिदा हुसैन, सुरक्षा अधिकारी
- कुछ लोग तालाब की जमीन पर मिट्टी डलवाकर वहां प्लाटिंग करना चाहते थे। निगम ने कब्जा हटाया तो कब्जा करने वाले ही बेबुनियाद आरोप लगाने लगे। यदि तालाब की जमीन किसी व्यक्ति की है तो वह दस्तावेज दिखाए। - नासिर, वार्ड 52 पार्षद प्रतिनिधि
माहौल बिगड़ने की आशंका, गली के बाहर रोकी भीड़
मुरादाबाद। तालाब तक जेसीबी पहुंचने में काफी परेशानी हुई। गली में दुकानदारों ने सामान बाहर रखा था। निगम की टीम ने सामान हटवाकर बमुश्किल जेसीबी तालाब तक पहुंचाई। अतिक्रमण हटाने के दौरान लोगों की भीड़ जमा होने लगी। माहौल बिगड़ने की आशंका पर निगम के सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ को गली के बाहर ही रोक लिया। लोग छतों पर खड़े होकर वीडियो बनाने नजर आए।