मुरादाबाद। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में एक किशोरी से कैंटीन में देह व्यापार कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि कैंटीन मालिक, उसके नौकर और एक प्रधान ने भी किशोरी के साथ दुष्कर्म किया है।
पाकबड़ा थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने एसएसपी कार्यालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि आठ साल पहले उसके पति की मृत्यु हो गई थी। महिला की चार बेटियां और दो बेटे हैं। महिला मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रही है। पंद्रह वर्षीय एक बेटी घर खर्च में मां की मदद करने के लिए कैंटीन पर काम करने लगी थी। महिला ने बताया कि कैंटीन मालिक की पत्नी उसकी बेटी को अपने साथ ले जाती थी। महिला ने बताया कि अचानक उसकी बेटी गुमसुम रहने लगी। पूछताछ करने पर किशोरी ने अपनी मां को आपबीती सुनाई। उसने बताया कि कैंटीन स्वामी और उसका नौकर उसके साथ दुष्कर्म करता है। पीड़ित ने अपनी मां को ये भी बताया कि कैंटीन स्वामी ने उससे कैंटीन में बने कमरे में देह व्यापार कराता है। वहां लोग आते हैं और उसके साथ घिनौनी करतूत करते हैं। एक प्रधान ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया है। कैंटीन स्वामी उनसे रुपये भी लेता है। महिला ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत कैंटीन स्वामी से की तो उसने बच्चों की हत्या करने की धमकी दी।
एसएसपी बबलू कुमार ने पाकबड़ा थाना प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।