मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाने में प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ उसकी पत्नी ने केस दर्ज कराया है जिसमें आरोप लगाया है कि पति ने दिव्यांग बेटी की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। विरोध करने पर महिला को भी जान से मारने की धमकी दी गई। इसके अलावा पीड़ित ने पति पर दूसरी महिला को अपने साथ रखने का आरोप भी लगाया है।
थाना प्रभारी डीएसपी दर्वेश कुमार ने बताया कि कटघर थानाक्षेत्र के लाजपत नगर निवासी शैफ ाली अग्रवाल ने अपने पति मुकुल अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि 19 साल पहले उसकी शादी बिजनौर जनपद के नगीना निवासी मुकुल अग्रवाल के साथ हुई थी। उस वक्त मुकुल दिल्ली में निजी कंपनी में नौकरी करता था। महिला का कहना है कि शादी के एक साल बाद ही उसने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी जन्म से ही दिव्यांग है। महिला का आरोप है मुकुल कई बार बेटी की हत्या की कोशिश कर चुके हैं। ससुराल में भी महिला का दहेज उत्पीड़न किया। इसके बाद शैफाली के पिता से उसे गौर ग्रेसियस कालोनी में दो फ्लैट खरीदवा दिए थे। महिला का कहना है कि मुकुल ने नौकरी छोड़ दी और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू कर दिया। कुछ दिन बाद ही मुकुल भी शैफाली के पास आकर रहने लगा।
शैफाली के मुताबिक इसी दौरान उसे पता चला कि उसके पति के किसी दूसरी महिला के साथ संबंध हैं। इसे लेकर पति पत्नी में विवाद शुरू हो गया था। इस मामले में केस भी दर्ज किया गया था। महिला कहना है कि 21 जनवरी को वह अपने पिता और भाई के साथ कचहरी आई थी। पिता और भाई कचहरी में अंदर चले गए। जबकि शैफाली अपनी दिव्यांग बेटी के साथ कार में ही मौजूद रही। आरोप है कि इसी दौरान वहां मुकुल पहुंच गया। आरोप है कि उसने दिव्यांग बेटी की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की है। शोर शराबा होने पर लोग आ गए और उन्होंने बीच बचाव कराया था। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकुल के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, जान लेवा हमला, जान से मारने की धमकी देना और मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।