मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र में जमीन के विवाद में प्रापर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह भतीजे के साथ बाइक से रिश्तेदारी से लौट रहे थे। एसपी सिटी ने मौका मुआयना करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या की यह घटना सोमवार की दोपहर दोपहर एक बजे हुई। कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसा इनायतपुर दौड़बाग निवासी रमजानी(41) प्रापर्टी डीलिंग का काम करते थे। रविवार को वह एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने भतीजे सरताज(13) के साथ बाइक से रिश्तेदारी में गए थे। सोमवार दोपहर को दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। कटघर थानाक्षेत्र में जीरो प्वाइंट से वह रामपुर दोराहे के लिए मुड़े तो कुछ आगे जाते ही पीछे से आए तीन बाइक सवार छह हमलावरों ने उनको रोक लिया। सभी चेहरे पर मास्क व गमछा बांधे हुए थे। जैसे ही रमजानी ने बाइक रोकी तो हमलावरों ने गोली मार दी। जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर गए। इस बीच राहगीर गए तो हमलावर तमंचे लहराते हुए रामपुर दोराहा की ओर फरार हो गए। फायरिंग में भतीजा सरताज बाल बाल बच गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में पुलिस रमजानी को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। सूचना पर एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने भी मौका-मुआयना किया। एसपी सिटी का कहना है कि गांव निवासी रईस से जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है।परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।