जिला जेल की बैरकों से सट्टे का गोरखधंधा चल रहा है। मुलाकात के नाम पर अवैध वसूली की जाती है और बैरकों में सोने के लिए भी बंदियों व कैदियों से रुपये लिए जाते हैं। बुधवार को आईजी/एडीजी गोपाल लाल मीना ने जिला जेल पर छापा मारा तो बंदियों ने चीख चीख कर उनके सामने कहा कि यहां सट्टे के साथ ही हर गैर कानूनी काम किया जा रहा है।
आईजी ने बंदियों से पूछताछ की। जेल में खाने की क्वालिटी पर भी आईजी ने फटकार लगाई। आईजी ने जांच कराने की बात कही है। आईजी जेल जीएल मीना रामपुर जेल का निरीक्षण करने के बाद मुरादाबाद पहुंचे थे।
आईजी के आने की जानकारी मिलते ही जेल परिसर में साफ सफाई करा दी गई थी और मुलाकात भी बंद करा दी गई थी। बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आईजी जीएल मीना ने जिला जेल का निरीक्षण की किया। उन्होंने बैरक चेक कराई।
बंदियों से पूछताछ की गई। इसी दौरान बंदियों ने शोर मचा दिया। उन्होंने आरोप लगाए कि जेल में अवैध वसूली की जाती है। मुलाकात के नाम पर भी रकम ली जाती है। इतना ही नहीं बंदियों ने कहा कि बैरक से ही सट्टा का गोरखधंधा चल रहा है।
बंदियों ने डिप्टी जेल पर आरोप लगाए। खाने की क्वालिटी देखकर भी आईजी ने जेल अफसरों को फटकार लगाई। निरीक्षण करने के बाद जेल से बाहर आए आईजी/एडीजी ने कहा कि बंदियों ने शिकायत की है कि जेल में सट्टा चल रहा है और मुलाकात के नाम पर वसूली की जाती है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराने के बाद आरोपी अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।